संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सांसद अनुराग ठाकुर की सामाजिक पहल एक से श्रेष्ठ के पांच वर्ष पूरे होने पर एनआईटी हमीरपुर में कार्यक्रम हुआ। प्रदेश के राज्यपाल कवींद्र गुप्ता कार्यक्रम के मुख्यातिथि रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें शिक्षा, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित कर सफलता का मंत्र दिया। अनुराग ठाकुर ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने और उन्हें मार्गदर्शन देने के लिए राज्यपाल का आभार जताया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक से श्रेष्ठ केवल शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों को बेहतर अवसर देने की सामाजिक पहल है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समावेशी सोच से प्रेरणा लेकर पांच अक्तूबर 2021 को इसकी शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में करीब 650 केंद्र संचालित हो रहे हैं। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 12 हजार से अधिक बच्चों को निशुल्क शिक्षा और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, कमलेश कुमारी, उर्मिल ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर और विजय अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर मौजूद रहे।
—-
लॉटरी की बजाय रोजगार के अवसर पैदा करे कांग्रेस : अनुराग
हमीरपुर। प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि चुनाव के दौरान युवाओं को पांच लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा करने वाली सरकार रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रही है। आरोप लगाया कि रोजगार के अवसर सृजित करने के बजाय प्रदेश में लॉटरी और जुए जैसी व्यवस्था के माध्यम से लाखों परिवारों को प्रभावित करने का रास्ता अपनाया जा रहा है। प्रदेश पहले ही 1,10,000 करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है और प्रदेश का कर्ज जीडीपी के लगभग 42 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। ऐसे गंभीर आर्थिक हालात में सरकार को आम जनता को राहत देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने चाहिए, न कि लॉटरी जैसे माध्यमों से लोगों की आर्थिक स्थिति को और कमजोर करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए। संवाद