हमीरपुर। हिम आंचल पेंशनर्ज संघ के प्रदेशाध्यक्ष योग राज शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सरकार के निर्णय से पेंशनर हताश और निराश हैं, जिसमें उन्हें 9 अक्तूबर को पेंशन देने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि अधिकांश पेंशनर गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं और केवल पेंशन पर निर्भर हैं।
योग राज शर्मा ने सुझाव दिया कि कर्मचारियों के वेतन के साथ ही पेंशन का भी भुगतान किया जाना चाहिए। संघ ने कई बार सरकार से पेंशनरों के चिकित्सा बिलों के लिए बजट देने का अनुरोध किया है। 19 सितंबर को पेंशनरों की मांगों को लेकर सरकार को ज्ञापन भेजा गया था और 10 अक्तूबर तक का अल्टीमेटम दिया गया है।
अगर 10 अक्तूबर तक सरकार कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाती है, तो 15 अक्तूबर को हमीरपुर में प्रदेश स्तरीय रोष रैली की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनवरी 2016 के पेंशन संशोधन के बकाए अभी तक लंबित हैं, जबकि फरवरी 2022 से सेवानिवृत्त पेंशनरों को सभी आर्थिक लाभ एकमुश्त मिल रहे हैं। संघ ने सरकार से अनुरोध किया कि पेंशनरों को पेंशन का भुगतान पहली तारीख को सुनिश्चित किया जाए।