हिम-आंचल पेंशनर्स संघ की बैठक में उठाई मांगें
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिम-आंचल पेंशनर्स संघ इकाई हमीरपुर की मासिक बैठक मंगलवार को जिला वरिष्ठ उपप्रधान रंजीत सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में पेंशनर भवन के सभागार में हुई। इसमें जिला महासचिव शंभू राम जसवाल ने बैठक के एजेंडे के साथ जिले में संघ की गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान संघ के प्रदेशाध्यक्ष योगराज शर्मा, संघ के संस्थापक बीडी शर्मा, मुख्य संगठन सचिव पुरुषोत्तम दास शर्मा, प्रदेश उपप्रधान सुभाष चंद शर्मा आदि उपस्थित रहे।
बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों पर विचार-विमर्श किया गया और सरकार से पेंशन संशोधन की देय बकाया राशि, महंगाई भत्ते की लंबित किस्तों के अतिरिक्त पेंशनरों के इलाज पर खर्च राशि के बिलों का समय पर भुगतान करने का आग्रह किया। प्रदेशाध्यक्ष योगराज शर्मा ने कहा कि महालेखाकार कार्यालय में पेंशन संशोधन के लंबित मामलों के निपटारे के लिए संघ का एक शिष्टमंडल महालेखाकार से मिल चुका है। उन्होंने पेंशनरों की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया है।
बैठक में संघ के प्रधान देवराज पटियाल, नादौन प्रधान जगदीश चंद शर्मा, सुजानपुर पूर्व महासचिव जैशी राम विमल, टौणीदेवी प्रधान जगदीश चंद शर्मा, बिझड़ी महासचिव तोता राम जंजुआ, प्रेस सचिव अनिरुद्ध डोगरा सहित अन्य पेंशनर शामिल रहे।