मुख्याध्यापक, प्रधानाचार्य अधिकारी कैडर इकाई हमीरपुर की बैठक में उठी मांग
सेवानिवृत्त हुए मुख्याध्यापक एवं प्रधानाचार्यों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्रदेश मुख्याध्यापक, प्रधानाचार्य अधिकारी कैडर इकाई हमीरपुर की बैठक रविवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान एवं प्रदेश महासचिव केवल ठाकुर ने की। बैठक में विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की गई और सेवानिवृत्त हुए मुख्याध्यापक एवं प्रधानाचार्य अशोक ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, विपिन कुमार, यशवीर जमवाल, कुलदीप कुमार को सम्मानित किया गया।
बैठक में सरकार से प्रदेशभर में रिक्त प्रधानाचार्यों के 600 से अधिक पदों को भरने, मार्च माह में सेवानिवृत्त होने वाले मुख्याध्यापकों को विशेष छूट प्रदान कर पदोन्नति देने की मांग की गई। बैठक में सदस्यों ने प्रदेशभर में स्कूलों को बंद करने का निर्णय नववर्ष में हुए दाखिलों के आधार पर लेने की मांग की, ताकि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा हो सके और शिक्षा का स्तर प्रभावित न हो। इस अवसर पर कैडर के वरिष्ठ अधिकारियों ने 2021 तक पदोन्नत हुए प्रधानाचार्यों के नियमितीकरण की अधिसूचना शीघ्र जारी करने और 2023 तक पदोन्नत हुए प्रधानाचार्यों का नियमितीकरण सभी वित्तीय लाभों के साथ जल्दी करने की मांग की। बैठक में उपनिदेशक गुणवत्ता नियंत्रण और डीपीओ नवीन शर्मा, जिला महासचिव संजीव ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष यशवीर जमवाल, रवि दास, दलजीत चौहान, अरविंद जगोता, राजेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।