हमीर होटल में प्रेस वार्ता कर साधे निशाने
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के उपचुनाव में भाजपा प्रभारी पार्टी के प्रमुख प्रवक्ता एवं श्री नैना देवी विधानसभा के विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार प्रदेश के इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार है। अपने अब तक के कार्यकाल में इस कांग्रेस सरकार ने न तो कोई प्रदेश हित की या जनहित की योजना चलाई और न ही कोई विकास कार्य किया। यहां तक कि प्रदेश की जनता को मूलभूत सुविधाएं भी उचित और सुचारु रूप से उपलब्ध करवाने में यह सरकार असफल सिद्ध हुई है। मुख्यालय स्थित हमीर होटल में प्रेस वार्ता में उन्होंने ये बातें कही हैं।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल नेता प्रतिपक्ष पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता इस नामांकन के पश्चात विधानसभा के हर घर में दस्तक देने के लिए फील्ड में उतर जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के दौरान प्रदेश के अनेकों स्थानों पर पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को अनेकों वादे और गारंटियां देकर कांग्रेस सत्ता में काबिज हुई थी लेकिन चुनाव आने पर ही इनको याद आता है कि उन्होंने महिलाओं को 1500 रुपये देने हैं। इन्होंने गारंटी दी थी कि पहली जनवरी 2023 से सभी महिलाओं को जिनकी उम्र 18 वर्ष से लेकर 60 वर्ष आयु तक की है, उनको 1,500 रुपये हर महीने उनके खाते में मिलना शुरू हो जाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा, जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा, मंडल अध्यक्ष आदर्श कांत, अनिल शामा, जग सिंह ठाकुर, अभिषेक मनु व सौरभ उपस्थित रहे।