हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) हमीरपुर डिपो की बसों के रखरखाव में बरती जा रही लापरवाही के कारण यात्री परेशान हो रहे हैं। बिना उचित मरम्मत के बसों को रूट पर भेजे जाने का ताजा उदाहरण देखने को मिला, जब हमीरपुर से सुजानपुर जाने वाली रात्रि बस रूट पर निकलने से पहले ही बस अड्डा पर स्टार्ट नहीं हुई और उसका ब्रेक डाउन हो गया।
घटना रविवार रात करीब 8:15 बजे की है। बस हमीरपुर से सुजानपुर के लिए निकलने को तैयार खड़ी थी। चलने का समय हुआ तो बस स्टार्ट ही नहीं हो सकी। चालक और परिचालक के तमाम प्रयासों के बावजूद बस ठीक नहीं हुई। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानी हुई। करीब 20 मिनट की देरी से रात 8:35 बजे अन्य बस रवाना हो पाई। बीते सप्ताह में यह दूसरी घटना है जब एचआरटीसी की बस बस अड्डा पर ही स्टार्ट नहीं हो पाई। निजी बसों की कमी के कारण यात्रियों की निर्भरता सरकारी बसों पर अधिक रहती है।
उधर, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने कहा कि मामले की जानकारी तुरंत मिल गई थी और यात्रियों को विलंब किए बिना अन्य बस की सुविधा दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि निगम प्रबंधन यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।