ट्राला स्टैंड हमीरपुर के पास खराब सरकारी बस। संवाद
हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की लचर व्यवस्था एक बार फिर यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी। सुजानपुर से हमीरपुर वाया टौणी देवी आ रही एक सरकारी बस बुधवार को ट्राला स्टैंड के पास तकनीकी खराबी के चलते बीच रास्ते में ही रुक गई।
जानकारी के अनुसार, बस रोजाना की तरह सुजानपुर से दोपहर करीब 3:10 बजे रवाना हुई थी और इसे शाम लगभग 6 बजे हमीरपुर पहुंचना था, लेकिन बस अड्डे से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ही अचानक खराब हो गई, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बस के बीच रास्ते में खराब होने के कारण कुछ यात्री पैदल ही बस अड्डा पहुंचे, जबकि अन्य ने निजी वाहनों और दूसरी बसों का सहारा लेकर अपना सफर पूरा किया। वहीं, कुछ यात्री मौके पर ही बस के ठीक होने का इंतजार करते रहे, लेकिन काफी देर तक बस ठीक नहीं हो पाई।
यात्रियों का कहना है कि इस रूट पर चलने वाली बसों की नियमित जांच की जानी चाहिए, ताकि इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके। उन्होंने मांग की कि बसों को पूरी तरह फिट होने के बाद ही रूट पर भेजा जाए।
उधर, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि बस के खराब होने की सूचना प्राप्त हुई है और जल्द ही इसकी मरम्मत कर दी जाएगी।