वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू, भीड़ होने से बना रहता है हादसे का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शहर के मुख्य बाजार में दिन के समय सामान उतारे जाने से पैदल चलने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर वाहनों को दुकानों के बाहर पार्क कर सामान उतारा जा रहा है, जिससे वन-वे व्यवस्था में जाम भी लग रहा है।
मुख्य बाजार में वन-वे व्यवस्था लागू है, लेकिन कई वाहन चालक दिन के समय में मुख्य बाजार में गाड़ियों से सामान उतार रहे हैं, जिससे जाम की स्थिति पैदा हो रही है। मुख्य बाजार में शनिवार को यही स्थिति देखने को मिली।
स्थानीय लोगों दीक्षा, रेखा, पायल, अरुण कुमार, राहुल, दिनेश ने कहा कि बाजार में अकसर ऐसा देखने को मिलता है कि दिन के समय में गाड़ियों से सामान उतारा जाता है। दुकानदारों को दिन के समय यह सप्लाई दी जा रही है, जिसके लिए गाड़ियां दुकानों के बाहर सड़क पर पार्क की जाती हैं। इस वजह से वहां से दूसरी गाड़ी को गुजरने के लिए जगह नहीं बचती है। वहीं, बाजार में लोगों की खासी भीड़ होने से यहां पर हादसे का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने दुकानों में सामान की सप्लाई का समय तय करने की मांग उठाई है, ताकि इस तरह की समस्या बार-बार पेश न आए। लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द प्रशासन और पुलिस को इस मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करना चाहिए।
ट्रैफिक इंचार्ज हमीरपुर राजकुमार ने कहा कि मामले में नियमों के तहत कदम उठाए जाएंगे। लोगों को मुख्य बाजार में यातायात में कोई दिक्कत न आए, इसका ध्यान रखा जाएगा।