बिटिया को खीर खिलाकर अन्नप्राशन की रस्म अदा करते परिजन और अन्य। -स्रोत : संस्थान
हमीरपुर। बाल विकास परियोजना हमीरपुर के तहत वार्ड नंबर आठ में पोषण अभियान के अंतर्गत अन्नप्राशन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नन्हीं बेटी निष्ठा पुत्री डॉ. चेष्टा और डॉ. नीतिश पटियाल को 6 महीने पूरे होने पर पहली बार खीर खिलाकर अन्नप्राशन की रस्म अदा की गई। इस कार्यक्रम में निष्ठा के दादा-दादी मंजू और देवराज पटियाल और भाई यजस पटियाल ने भी भाग लिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक प्रदीप कुमार चौहान ने उपस्थित महिलाओं को अन्नप्राशन और 6 महीने तक मां के दूध की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छह महीने तक बच्चे को सिर्फ मां का ही दूध देना चाहिए। बच्चे के लिए यह दूध अपने आप में एक संपूर्ण आहार होता है। उन्होंने बच्चों का समय-समय पर उसकी उम्र के अनुसार टीकाकरण करवाने के लिए भी जागरूक किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुदेश कुमारी ने 6 माह के बाद बच्चों को दिए जाने वाले पोषक आहार की जानकारी दी। कार्यक्रम में पोषण अभियान की खंड समन्वयक रीता कुमारी, सांख्यिकीय सहायक आनंद किशोर, और पर्यवेक्षक रवि चंद्र डोगरा सहित लगभग 20 महिलाएं उपस्थित रहीं।