डिडवीं टिक्कर में जिलास्तरीय अंडर-14 गर्ल्स टूर्नामेंट का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
डिडवीं टिक्कर(हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डिडवीं टिक्कर में तीन दिन तक चलने वाले जिलास्तरीय अंडर-14 गर्ल्स टूर्नामेंट का समापन शनिवार को कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष व पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया ने किया। प्रधानाचार्य शैली शर्मा तथा स्टाफ ने उनका स्कूल पहुंचने पर स्वागत किया। कुलदीप पठानिया ने कहा कि खेल हमारे जीवन का मुख्य अंग है। इसे खेल की भावना से ही खेलना चाहिए। इसमें प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। पढ़ाई के साथ खेलें भी आवश्यक हैं। उन्होंने विजयी टीमों को इनाम तथा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया तथा दूसरे खिलाड़ियों को और मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता में बैडमिंटन में नादौन खंड विजेता और भोरंज उपविजेता रहे। वॉलीबाल में नादौन खंड विजेता और बिझड़ी खंड उपविजेता रहे।
कबड्डी में हमीरपुर खंड विजेता और बिझड़ी खंड उपविजेता रहे। खो-खो में हमीरपुर खंड विजेता और बिझड़ी खंड उपविजेता रहे। हॉकी में स्वाहल स्कूल विजेता और डिडवीं स्कूल उपविजेता रहे। बास्केटबाल में परोल विजेता और पटनौण उपविजेता रहे। हैंडबाल में मझेली स्कूल विजेता और बसारल उपविजेता रहा। इसी के साथ इस टूर्नामेंट का भव्य समापन समारोह हुआ।