हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत टौणी देवी तहसील मुख्यालय के साथ लगते स्वाहलवा गांव की एक नाबालिग छात्रा शनिवार सुबह घर से अचानक लापता हो गई। छात्रा के घर से अचानक गायब होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे ढूंढना शुरू किया। वहीं, पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। पुलिस की टीम भी जिलाभर में सर्च अभियान में जुट गई। वहीं, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई और डॉग स्क्वायड को भी इस दौरान छात्रा को ढूंढने में लगाया गया। करीब छह घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद छात्रा को उसके रिश्तेदारों के घर गांव गसोता से बरामद किया गया। जहां छात्रा सुरक्षित पाई गई और उसे परिजनों को सौंपा गया।
पुलिस में दिए बयान में नाबालिग छात्रा ने कहा कि वह शनिवार सुबह छह बजे के करीब सैर के लिए घर से निकली थी। अंधेरा होने के चलते वह रास्ता भटक गई और आगे की ओर पैदल चलती रही। छात्रा को उसके घर से करीब दस किलोमीटर दूर डुग्घा गांव में उसके रिश्तेदारों ने सड़क पर जाते हुए देखा तो वह उसे अपने घर गसोता ले आए। वहीं, पुलिस ने भी सीसीटीवी और रिश्तेदारों की सूचना के आधार पर छात्रा को बरामद कर परिजनों को सौंपा। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि छात्रा को सुरक्षित गसोता गांव से उसके रिश्तेदारों के यहां से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है। छात्रा के अनुसार सैर करते समय वह रास्ता भूल गई थी और पैदल चलती रही।