यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी
निकासी नालियों सहित अड्डा परिसर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल
एक सप्ताह से अड्डा परिसर में जगह-जगह लगे हैं कचरे के ढेर
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बस अड्डा परिसर हमीरपुर में इन दिनों सफाई व्यवस्था बुरी तरह से चरमराई हुई है। अड्डा परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। निकासी नालियों से लेकर अड्डा परिसर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। इससे यात्रियों को बसें लेने और उतरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निकासी नालियों में जमा गंदगी पानी के साथ अड्डा परिसर में बह रही है लेकिन साफ-सफाई को लेकर विभागीय अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
रविवार को बस अड्डा परिसर हमीरपुर में बनाए गए बस काउंटरों के साथ जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहे। इससे विभिन्न स्थानों की ओर जाने वाले यात्रियों को बसें लेने और उतरने में परेशानी हुई। कचरे के साथ अड्डा परिसर नशेड़ियों का भी अड्डा बना हुआ है। अड्डा परिसर के काउंटरों के कोने में शराब, पेय पदार्थों की बोतलों और चिप्स आदि के खाली पैकेट पड़े हुए हैं। परिवहन निगम ने बस अड्डा परिसर की सफाई का जिम्मा नगर परिषद को सौंपा है। अड्डा परिसर में बने शौचालयों से लेकर साफ-सफाई का कार्य नगर परिषद की ओर से करवाया जाता है लेकिन प्रत्येक रविवार को अवकाश के चलते सफाई कर्मचारी कचरा नहीं उठाते हैं। इससे अड्डा परिसर में गंदगी का आलम बना रहता है। यात्रियों रामदास, राजेश्वर, मुकेश और राहुल ने कहा कि बस अड्डा परिसर में कोने और सीढि़यों के नीचे गंदगी फैली रहती है। यहां शराब की बोतलें, सिगरेट के टुकड़े पड़े हुए हैं। उन्होंने परिवहन निगम से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि बस अड्डा परिसर में प्रत्येक दिन सफाई करवाई जाती है लेकिन रविवार को सफाई कर्मचारी अवकाश पर होते हैं। रविवार को भी बस अड्डा में सफाई करवाई जाएगी।