हमीरपुर शहर में लगे कूड़े के ढ़ेर।
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है। सफाई कर्मचारी आधे दिन तक कूड़ा नहीं उठा रहे हैं। इससे बाजार में आने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रविवार को भी बाल स्कूल हमीरपुर के समीप महिला पुलिस थाना के गेट के बाहर और शहर में सब्जियों की रेहड़ियों के समीप दिनभर कूड़े का ढेर लगा रहा। लेकिन सफाई कर्मचारियों ने कूड़े को नहीं उठाया।
बीते एक सप्ताह से शहर में सफाई को लेकर यही हाल है। नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शहर से लेकर वार्डों में डोर-टू-डेार कूड़ा अभियान लगातार फेल होता जा रहा है। लोगों के कूड़ा शुल्क देने पर भी सफाई कर्मचारी अपने अनुसार सप्ताह में तीसरे दिन कूड़ा उठा रहे हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शहर में कभी सुबह 11 बजे तो कभी दोपहर एक बजे कूड़ा उठाया जा रहा है। समय पर कूड़ा नहीं उठाने से संरक्षित पशु और आवारा कुत्ते यहां जगह-जगह कूड़े के ढेर में मुंह मारते रहते हैं और कचरे को इधर-उधर फैला देते हैं। कूड़े के ढेर के समीप ही सब्जी विक्रेता सब्जियां बेच रहे हैं।
लोगों बलदेव सिंह, अश्वनी शर्मा, आशीष चौधरी, स्वरूप कुमार, सीमा कुमारी, रमा कुमारी आदि ने नगर परिषद से शहर में नियमित रूप से सफाई करवाने का आग्रह किया है। वहीं इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के ईओ अक्षित गुप्ता ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को शहर में नियमित रूप से कूड़ा उठाने के निर्देश दिए गए हैं।