नादौन(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा में अप्रैल 2020 में एक मेगा इवेंट का आयोजन किया जाएगा। इसमें दौड़, साइकिलिंग व स्वीमिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। एसडीएम किरण भड़ाना ने बताया कि क्षेत्र में ऐसे खेलों को बढ़ावा देने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इन खेलों के साथ जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि इन तीनों स्पर्धाओं को और रोमांचक बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इवेंट के दौरान प्रतिभागियों को हर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पर्यटन निगम के सहयोग से मनाली में राफ्टिंग सहित अन्य साहसिक खेलों के लिए एक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्र के 20 युवाओं को प्रशिक्षण के लिए भेजा जा रहा है। यह प्रशिक्षण निशुल्क होगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से ब्यास नदी पर राफ्टिंग आरंभ की गई है। अब काफी लोग उस का आनंद ले रहे हैं। एसडीएम ने कहा कि कौशल विकास के अंतर्गत क्षेत्र भर के 240 बच्चों के लिए निशुल्क प्रशिक्षण आरंभ करवाया जा रहा है। जिसमें 18 से 35 वर्ष के युवाओं को आईटी, रिटेल, मीडिया व टेलीकॉम आदि विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं या जमा दो तक रखी गई है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण देने वाली कंपनी द्वारा इन युवाओं को नौकरी भी उपलब्ध कराई जाएगी।