गलोड़ (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलोड़ से संबंधित पूर्व छात्रों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में स्कूल से संबंधित लगभग 120 पूर्व छात्रों एवं अध्यापकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पूर्व छात्र महासंघ से संबंधित 12 पूर्व छात्र-छात्राओं, जिन्होंने देश-विदेश में अपनी भूमिकाएं प्रदर्शित करते हुए धाक जमाई है और संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है, को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने दशकों पुरानी यादें साझा कीं।
सम्मानित किए गए पूर्व छात्रों में पदमश्री करतार सिंह सौंखले, व्यवसायी अमर सिंह कौशल, वर्ष 1970 के दशक में राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड परीक्षा में प्रथम रहे छात्र दिलीप, तृतीय स्थान हासिल करने वाले शक्ति सुमन, प्रीतम सिंह, बलदेव और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या हमीरपुर से सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य पुष्पा शर्मा का नाम उल्लेखनीय है।
पूर्व छात्र महासंघ के अध्यक्ष डाॅ. अजीत शर्मा ने इस अवसर पर पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय भूमिका की सराहना करते हुए बताया कि कई छात्र एवं अध्यापक इस संगठन से जुड़े हुए हैं तथा स्कूल बच्चों की यथासंभव सहायता और उनके मार्गदर्शन हेतू अपनी सेवाएं देने हेतू तत्पर हैं।
इस अवसर पर संगठन के तत्वावधान में 21 हजार रुपये की धनराशि गलोड़ स्कूल के प्रधानाचार्य सुरजीत सिंह को उपलब्ध करवाई गई, ताकि वह जरूरतमंद छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप वित्तीय सहायता प्रदान कर सकें। इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्यों में अशोक कुमार, जगरनाथ शर्मा, रविंद्र लखनपाल सहित अन्य मौजूद रहे।