सुजानपुर (हमीरपुर)। राजकीय कन्या केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला सुजानपुर में मंगलवार को अंडर-12 जिलास्तरीय छात्र-छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर परिषद सुजानपुर के पूर्व अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को खेलों में जरूर भाग लेना चाहिए। इससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास होगा। उन्होंने अपनी ओर से खेल कमेटी को 21 हजार रुपये दिए।
खंड शिक्षा अधिकारी सुजानपुर एवं खेल समन्वयक जोगिंद्र सिंह ने कहा कि तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में छह शिक्षा खंडों से 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 13 अक्तूबर को होगा। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, चेस, प्रश्नोत्तरी, दौड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के प्रथम दिन छात्र वर्ग में बैडमिंटन का पहला मुकाबला शिक्षा खंड गलोड़ और नादौन के बीच हुआ। इसमें नादौन ने गलोड़ को हराया। दूसरे मुकाबले में हमीरपुर ने बिझड़ी को हराया। छात्रा वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता में सुजानपुर स्कूल ने बिझड़ी, गलोड़ ने हमीरपुर और छात्र वर्ग की कबड्डी में बिझड़ी ने सुजानपुर को हराया। बिझड़ी ने गलोड़ को हराया और छात्रा वर्ग में बिझड़ी ने सुजानपुर को हराया। इस मौके पर डिप्टी डीओ प्रदीप शर्मा, रजनीश, सुनील राणा, उप प्रधान पूर्ण चंद सहित सभी ब्लॉक के अध्यापक उपस्थित रहे। इस दौरान बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए।