हमीरपुर। उपमंडल भोरंज के पट्टा बाजार से लिया गज्जक का सैंपल फेल हो गया है। दुकानदार और निर्माता ने दर्जनों लोगों को यही धटिया गज्जक खिला दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग के पास फेल हुए सैंपल की रिपोर्ट आ गई है। अब विभाग ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग दुकानदार और निर्माता को नोटिस जारी करेगा। नोटिस के बाद मामला कोर्ट में जाएगा। कोर्ट में ही जुर्माने और आगामी कार्रवाई का फैसला होगा।
जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लोहड़ी पर्व के दौरान जनवरी माह में पट्टा बाजार का औचक निरीक्षण किया था। इस निरीक्षण के दौरान एक दुकान से गज्जक के सैंपल भरे गए। गज्जक में लाइसेंस नंबर और न्यूट्रीशियन की जानकारी नहीं पाई गई। इस पर यह सैंपल लैब में फेल हुए हैं। इससे पूर्व भी जिला में बिस्किट, रस्सगुल्ले और अन्य मिठाई, न्यूट्री, रस, दूध के सैंपल फेल हुए हैं। जिनके विक्रेताओं पर भी विभाग की कार्रवाई जारी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधुबाला ने कहा कि पट्टा बाजार से लिया गया गज्जक का सैंपल फेल हुआ है। संबंधित विक्रेता और निर्माता को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।