हमीरपुर। स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में इस बार कांगड़ा का पारंपरिक गद्दी नृत्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से समारोह में हिमाचल की लोक संस्कृति को प्रमुखता देने की पहल की गई है।
समारोह में कांगड़ा के कलाकार पारंपरिक गद्दी वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत कर अपनी संस्कृति की झलक दिखाएंगे। गद्दी नृत्य के माध्यम से कलाकार हिमाचल की समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
पारंपरिक वेशभूषा और लोक संगीत के साथ होने वाली यह प्रस्तुति समारोह में विशेष आकर्षण रहने की उम्मीद है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में हमीरपुर के लोक कलाकारों को भी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
स्थानीय कलाकार लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे, जिससे जिले की सांस्कृतिक पहचान को भी मंच मिलेगा। जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग की इस पहल का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस जैसे बड़े आयोजन के माध्यम से प्रदेश की विविध लोक परंपराओं को लोगों तक पहुंचाना है।
अलग-अलग क्षेत्रों के कलाकारों की प्रस्तुतियों से समारोह में हिमाचल की सांस्कृतिक विविधता देखने को मिलेगी। देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां समारोह में विशेष रंग भरेंगी।
कोट :
स्वतंत्रता दिवस पर गद्दी कलाकारों को बुलाया गया है। हमीरपुर में इससे पहले 2023 में गद्दी कलाकारों को बुलाया गया था। संस्कृति का आदान-प्रदान करने के लिए यह बहुत ही आवश्यक है।
-संतोष पटियाल, जिला भाषा अधिकारी, हमीरपुर