हमीरपुर। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत जिला हमीरपुर की ओर से शुक्रवार को तीन दिवसीय आवासीय फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप शुरू किया गया।
जिला पंचायत संसाधन केंद्र हमीरपुर में आयोजित इस शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 35 युवा भाग ले रहे हैं। यह शिविर दो अगस्त तक चलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनके शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और प्रतिभागियों को बूटकैंप किट, टी-शर्ट और कैप वितरित किए।
दीपमाला ने कहा कि शिविर का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। एनके शर्मा ने युवाओं को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना को नेतृत्व के लिए जरूरी बताया।
इस दौरान प्रतिभागियों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। पीएनबी आरसेटी हमीरपुर के निदेशक अजय कतना ने डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता और सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन की जानकारी दी। युवा सेवा एवं खेल विभाग के यूथ ऑर्गेनाइजर सन्नी ने युवा संसद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भूमिका पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में असिस्टेंट प्रोफेसर चंबा ठाकुर, माय भारत हमीरपुर के अकाउंटेंट प्रताप चंद, एमटीएस किशोर चंद और स्वयंसेवक मौजूद रहे। आगामी दो दिनों में प्रतिभागियों को नेतृत्व विकास, टीम बिल्डिंग, संचार कौशल, सुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।