हमीरपुर। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर स्थित जोलसप्पड़ में करीब 16.25 करोड़ रुपये की लागत से फर्नीचर लगेगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
19 जून को हॉस्पिटल सर्विसिस कंसलटेंसी कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचएससीसी) इसके लिए बीड ओपन करने जा रही है। ऐसे में लंबे समय से यहां पर फर्नीचर लगाने की योजना सिरे चढ़ती दिख रही है। बीते डेढ़ वर्ष से मरीजों के बेड और प्रशिक्षुओं के डेस्क फाइलों में ही घूम रहे थे। अब हॉस्पिटल सर्विसिस कंसलटेंसी कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से टेंडर प्रक्रिया को ओपन कर दिया गया है।
गौर हो कि जनवरी में यहां पर फर्नीचर लगाने का एस्टीमेट एचएससीसी मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को सौंपा गया था। एचएससीसी की ओर से प्रबंधन को विस्तृत रिपोर्ट भी सौंपी गई थी, जिसमें किस तरह का फर्नीचर मेडिकल कॉलेज में लगाया जाना है, इसका पूरा विवरण था। हालांकि, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने इस रिपोर्ट को नकार दिया है।
प्रबंधन का तर्क था कि बेहतर गुणवत्ता वाला फर्नीचर नए कैंपस में लगाया जाएगा, ताकि एम्स के स्तर की सुविधा यहां पर मरीजों और एमबीबीएस प्रशिक्षुओं को मिल सके। अब बीड की प्रक्रिया 19 जून को पूरी की जाएगी। इसके बाद एचएससीसी की ओर से टेंडर को आवंटित कर कार्य को किया जाएगा।
प्रथम चरण में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अकादमिक ब्लाॅक और 280 बेड का अस्पताल बनकर तैयार है। इन दोनों भवनों में फर्नीचर लगाया जाना बाकी है। फर्नीचर लगाने के बाद मेडिकल कॉलेज को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर से जोलसप्पड़ कैंपस में शिफ्ट किया जाएगा। अकादमिक भवन और अस्पताल में फर्नीचर लगाने के लिए लंबे समय से कार्य लटका हुआ है।
पहले यह कार्य मेडिकल कॉर्पोरेशन के माध्यम से करवाए जाने की योजना थी, लेकिन बाद में प्रदेश सरकार ने एचएससीसी के माध्यम से इस कार्य को करवाने का निर्णय लिया है। फिलहाल मेडिकल कॉलेज क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में संचालित किया जा रहा है। फर्नीचर लगने के बाद इसे नए कैंपस में शिफ्ट किया जाएगा।
कोट
एचएससीसी की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बीड 19 जून को ओपन की जाएगी। एम्स स्तर का फर्नीचर मेडिकल कॉलेज में लगाया जाएगा। जल्द ही प्रक्रिया को पूरा करवाकर नए कैंपस में फर्नीचर लगाया जाएगा।
-डॉ. रमेश भारती, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर