हमीरपुर में फलों की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
ऊहल (हमीरपुर)। ऊहल बाजार में पिछले चार-पांच दिनों से फलों के दामों में कमी आने से कारोबार में हलचल बढ़ गई है। विभिन्न फलों के दामों में करीब पांच से दस रुपये प्रति किलो तक की गिरावट हुई है। दाम कम होने से ग्राहकों की खरीदारी बढ़ने की उम्मीद से फल विक्रेताओं में भी उत्साह है।
फल विक्रेताओं के अनुसार सेब के दाम 100 रुपये से घटकर 90 रुपये प्रति किलो, अमरूद 80 से घटकर 70 रुपये और अनार 200 से घटकर करीब 190 रुपये प्रति किलो हो गया है।
रवि सहित अन्य फल विक्रेताओं ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों में दाम लगातार कम हुए हैं। इसका असर बाजार की खरीदारी पर भी दिख रहा है और ग्राहक पहले की तुलना में अधिक फल खरीद रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दामों में कमी बनी रही तो आने वाले दिनों में बिक्री और कारोबार में तेजी आएगी।