हमीरपुर। मौसम की बेरुखी से कृषि के बाद अब बागवानी पर भी संकट के बादल छा गए हैं। वर्षा नहीं होने के कारण उद्यान विभाग फलदार पौधों का वितरण शुरू नहीं कर पाया है।
उद्यान विभाग हमीरपुर की ओर से करीब 18 हजार फलदार पौधे वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, लेकिन 45 दिन से अधिक समय होने के बाद भी बारिश नहीं हुई है, जिस कारण धरती की नमी सूख रही है।
उद्यान विभाग की ओर से हर साल बागवानों व किसानों को सस्ती दरों पर मौसम के अनुसार फलदार पौधे उपलब्ध करवाए जाते हैं। यह फलदार पौधे उद्यान विभाग की ही नर्सरियों में तैयार किए गए हैं। बागवान इन फलदार पौधों को नजदीकी विक्रय केंद्रों से प्राप्त कर सकेंगे। सर्दियों में सेब, नाश्पाती, जापानी फल, अमरूद, अनार सहित अन्य फलदार पौधे लगाए जाते हैं। हालांकि बागवानी विभाग की पहली दिसंबर से फलदार पौधे वितरित करने की तैयारी थी, लेकिन मौसम के अनुकूल नहीं होने के कारण अब फलदार पौधों के वितरण में देरी हो रही है।
कोट
बागवानी विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक राजेश्वर परमार ने कहा कि बारिश का इंतजार किया जा रहा है। बारिश के होते ही फलदार पौधों का वितरण आरंभ कर दिया जाएगा। लगभग 18 हजार फलदार पौधों का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि फलदार पौधों को अच्छी पैदावार के लिए पर्याप्त धूप और पानी की जरूरत होती है। बारिश न होने की वजह से पौधों को पानी की कमी हो सकती है, जिससे उनकी वृद्धि और विकास में दिक्कत आ सकती है।