जाहू (हमीरपुर)। संधोल से मंडी जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में बैठे एक व्यक्ति के बैग से जाहू बस अड्डे में चोरों ने दो सोने की चूड़ियां चुरा ली है। यह घटना मंगलवार दोपहर की है।
धर्मपुर का महेंद्र हिमाचल पथ परिवहन निगम की संधोल से मंडी जा रही बस में बैठकर सुंदरनगर जा रहा था। जब बस करीब 11:30 बजे जाहू बस अड्डे पर पहुंची। यहां पर रुकने पर महेंद्र बैग को बस की सीट पर छोड़कर धूप सेंकने के लिए बाहर निकल गया। करीब बीस मिनट बाद बस में बैठा तो उसने पाया कि उसका बैग खुला था। जब उसने बैग को देखा तो बैग में रखी दो सोने की चूड़ियां गायब थीं। इसके बाद उसने बस अड्डे में ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन पता नहीं चला और दोबारा बस में बैठकर सुंदरनगर चला गया।
इस घटना की शिकायत पीड़ित ने अपने पुत्र के साथ शाम 4:00 बजे सुंदरनगर से वापस आकर जाहू पुलिस चौकी में दर्ज करवाई। पीड़ित कहीं पर शादी समारोह को जा रहा था। जाहू पुलिस चौकी प्रभारी फिरोज अख्तर का कहना है कि पुलिस के पास चूड़ियां चोरी होने की शिकायत आई है। चूड़ियां कहां चोरी हुई हैं, इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि बसों में बैठते समय और बस अड्डे में अपने सामान की निगरानी जरूर रखें।