पट्टा(हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत शातिरों ने एक व्यक्ति को नौकरी का झांसा देकर उसके खाते से 21 हजार रुपये उड़ा लिए हैं। पीड़ित ने इस बारे में पुलिस में शिकायत दी है। प्रवीण कुमार पुत्र ध्यान सिंह निवासी गांव जख्योल भोरंज ने बताया कि शनिवार को उसके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई, जिसमें एक कंपनी के मैनेजर ने उसे नौकरी देने की आवश्वासन दिया और रजिस्ट्रेशन की एवज में उसे 10 रुपये शुल्क जमा करवाने के लिए कहा गया।
जब उसने खाते से दस रुपये जमा करवाए तो उससे खाते से 1010 रुपये कटने का मैसेज आया। फोन पर पूछने पर उन्होंने बताया कि गलती से उनके खाते से 10 रुपये की जगह 1010 रुपये कट गए हैं। उन्होंने बताया कि आपके मोबाइल पर एक ओटीपी आया है, जिसे बताने के बाद खाते से कटी राशि दोबारा वापस जमा करवा दी जाएगी। लेकिन प्रवीण कुमार ने जैसे ही ओटीपी बताया तो अगला मैसेज आया जिसमें लिखा था कि उसके खाते से 20 हजार रुपये निकाले गए हैं। पीड़ित को जब समझ आया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है तो वह पुलिस थाना में शिकायत लेकर पहुंचा। उधर, थाना प्रभारी सीआर चौधरी ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।