हमीरपुर। उपमंडल भोरंज के पट्टा, लदरौर और तरक्वाड़ी बाजार में एक व्यक्ति ने नकली फूड इंस्पेक्टर बनकर दुकानदारों से हजारों रुपये की उगाही कर डाली। दुकानदारों को जब शक हुआ तो उन्होंने इसकी जानकारी विभाग के सहायक आयुक्त को दी। सूचना मिलते ही अधिकारी हरकत में आए और मामले का पता लगाने में जुट गए। दुकानदारों की ओर से बताए गए व्यक्ति की पहचान विभाग ने कर ली है। हालांकि, लिखित में शिकायत अभी विभाग के पास नहीं पहुंची है। जैसे ही लिखित शिकायत विभाग के पास पहुंचेगी, इस मामले की पुलिस में शिकायत की जाएगी।
सहायक आयुक्त फूड एंड सेफ्टी मंडी अरुण चौहान के पास ही हमीरपुर का भी अतिरिक्त कार्यभार है। वर्तमान में वह मंडी में हैं। लेकिन, सोमवार शाम को उन्हें तीन अलग-अलग दुकानदारों की फोन पर शिकायत आई कि आपके विभाग का कोई फूड इंस्पेक्टर कार्रवाई करने की धमकी देकर पैसों की उगाही कर रहा है। इस पर चौहान ने दुकानदारों को जानकारी दी कि हमीरपुर की फूड सेफ्टी ऑफिसर महिला अधिकारी हैं और विभाग का कोई भी इंस्पेक्टर या अधिकारी अकेले निरीक्षण पर नहीं आता। इस दौरान विभागीय अधिकारी अपनी निजी गाड़ी में भी अकेले नहीं आते हैं। इस शिकायत के बाद सहायक आयुक्त ने जब मामले की छानबीन की तो पाया गया कि भोरंज उपमंडल का ही एक व्यक्ति दुकानदारों से इस तरह की उगाही कर रहा है। करीब पांच दुकानदारों से 25 हजार रुपये की राशि ली गई है। यह राशि दो हजार से सात हजार तक है। सहायक आयुक्त फूड एंड सेफ्टी अरुण चौहान ने कहा कि एक सप्ताह पूर्व भी एक दुकानदार ने ऐसी शिकायत की थी, लेकिन उस समय व्यक्ति का पता नहीं चल पाया था। अब तीन से चार दुकानदारों की शिकायत एक दिन में मिली है तो मामले की छानबीन शुरू की गई। दुकानदारों की ओर से लिखित में देने के बाद पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। विभाग ने अपने स्तर पर जांच कर व्यक्ति की पहचान कर ली है।