सुजानपुर महाविद्यालय में अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति देती छात्राएं। संवाद
सुजानपुर (हमीरपुर)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय सुजानपुर टीहरा में बुधवार को नवागंतुक विद्यार्थियों के अभिनंदन कार्यक्रम के साथ भूगोल विभाग की पर्यावरण एवं सतत विकास विषय पर अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में सुजानपुर विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. विभा ठाकुर ने नवागंतुक विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यशाला संयोजक प्रो. राजीव ठाकुर ने बताया कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण, सतत विकास और भूगोल से जुड़े समकालीन विषयों की जानकारी देना है।
पहले दिन इंग्लैंड से डॉ. प्रतीक, नेपाल से डॉ. तुलसीराम भंडारी, उत्तराखंड से डॉ. जगदीश चंद्र कुनिहार और केंद्रीय विश्वविद्यालय पंजाब से डॉ. श्रुति ने ऑनलाइन व्याख्यान दिए। संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने लोक नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भरा।
उपप्राचार्य प्रो. प्रमोज शर्मा ने अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, इंस्पेक्टर प्यार चंद, नगर परिषद के पूर्व प्रधान राजकुमार शर्मा, प्रधान नीलम धीमान, उपप्रधान विनय स्याल सहित शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।