निवेश आकर्षित करने के लिए उद्योग विभाग की बड़ी पहल
कॉमन बॉयलर प्लांट के निर्माण कार्य भी जल्द होगा, टेंडर प्रक्रिया शुरू
रविंद्र शर्मा
ऊना। हरोली में विकसित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क को उद्योगों के लिए आकर्षक बनाने की कवायद तेज हो गई है। निवेशकों को लुभाने के लिए पार्क में सिर्फ जमीन ही नहीं, बल्कि कई ऐसी सुविधाएं भी दी जाएंगी, जिससे उद्योगों की शुरुआती और परिचालन लागत कम हो सके। बल्क ड्रग पार्क की डीपीआर में इसे स्पष्ट किया गया है कि पार्क में स्थापित होने वाले उद्योगों को कौन सी रियायतें दी जाएंगी। इसमें उद्योगों को पानी की आपूर्ति पूरी तरह निशुल्क मिलेगी।
कच्चे माल और तैयार उत्पादों के भंडारण के लिए बनने वाले कॉमन वेयरहाउस के उपयोग पर भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इतना ही नहीं पार्क के रखरखाव के लिए भी उद्योगों से मेंटेनेंस चार्ज नहीं वसूला जाएगा। बल्क ड्रग पार्क में लगने वाले उद्योगों के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। इसे लेकर उद्योग विभाग ने जल शक्ति विभाग ऊना को डीपीआर तैयार करने को कहा है। पानी की सप्लाई के लिए 15 ट्यूबल लगा दिए गए हैं। उन्हें बल्क ड्रग पार्क में उद्योगों को पानी सप्लाई देने के लिए पाइपों को जाल बिछाने की कवायद भी तेज हो गई है।
उद्योग विभाग ने 300 करोड़ की लागत से बॉयलर प्लांट लगाने की कवायद तेज कर दी है। इसके निर्माण को लेकर जल्द ही टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसमें बल्क ड्रग पार्क में स्थापित होने वाले बॉयलर से स्टीम की सप्लाई करने के लिए उद्योगों को पाइप लाइन नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। ऐसे में उद्योगों को अपना अलग से बॉयलर लगाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च नहीं करने पड़ेंगे। हालांकि इस सुविधा के लिए उद्योगों को 900 प्रति टन के हिसाब से शुल्क देना होगा। संवाद
बॉक्स:
कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर से घटेगी लागत
इसके अलावा पार्क में कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी ), स्टीम जनरेशन सिस्टम, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम, बिजली वितरण नेटवर्क, जलापूर्ति प्रणाली, सॉल्वेंट रिकवरी सिस्टम, एडवांस टेस्टिंग लैब और इमरजेंसी रिस्पांस सेंटर जैसी आधुनिक साझा सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इनका उद्देश्य उद्योगों को अलग-अलग बुनियादी ढांचा तैयार करने की जरूरत से बचाना और उत्पादन लागत को कम करना है।
कोट:
बल्क ड्रग पार्क स्थापित होने वाले उद्योगों को निशुल्क पानी सहित अन्य रियायतें दी जाएंगी। उद्योगों को संचालन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पार्क में कई कॉमन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। -अंशुल धीमान, संयुक्त निदेशक, उद्योग विभाग