बड़सर (हमीरपुर)। पंजाब नेशनल बैंक की मैहरे शाखा में विदेश से लौटे ऊना जिले के व्यक्ति के पहुंचने पर बैंक कर्मियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। बैंक में लेनदेन के लिए आने के बाद जैसे ही बैंक कर्मचारियों को पता चला कि व्यक्ति विदेश से हाल ही में लौटा है तो इसकी सूचना पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग को दी ताकि, विदेश से आए व्यक्ति की स्वास्थ्य जांच की जा सके।
शाखा प्रबंधक ने बताया की विदेश से भारत लौटे इस व्यक्ति के बारे में पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी गई है ताकि, इसकी स्वास्थ्य की जांच करवाई जाए। डीएसपी जसवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस इस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। एसडीएम प्रदीप कुमार ने बताया कि बीएमओ को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम विदेश से लौटे व्यक्ति से संपर्क कर उसके स्वास्थ्य के बारे में जांच करेगी कि वह कब विदेश से लौटा है। उसके स्वास्थ्य के बारे में भी टीम पड़ताल करेगी। बीएमओ डॉ. नरेश का कहना है कि टीम मौके पर गई है। जांच की जा रही है।