हमीरपुर। जिला हमीरपुर में विदेशों से लौट रहे लोगों की संख्या 45 पहुंच गई है। जिसमें से दस लोगों को 28 दिन तक स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रखने के बाद सभी पाबंदियां हटा दी गई हैं। जबकि विदेशों की सैर करके लौटे 35 लोगों पर स्वास्थ्य विभाग पल-पल जांच कर नजर गड़ाए हुए है। जबकि एक व्यक्ति हमीरपुर को छोड़ पंजाब रवाना हो गया। वहीं, कोरोना वायरस के चलते जिला स्वास्थ्य विभाग ने सिंगापुर और लंदन से लौटे दो व्यक्तियों समेत कुल सात लोगों को वीरवार को निगरानी में रख लिया है। विदेश से हमीरपुर पहुंचने की सूचना मिलते ही इन दोनों व्यक्तियों को चिन्हित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों व्यक्तियों के स्वास्थ्य की जांच की तो दोनों में ही कोरोना वायरस से संबंधित लक्षण नहीं पाए गए हैं। लेकिन, विभाग ने एहतियातन इन्हें निगरानी में रख लिया है। कोरोना वायरस को लेकर जिले में कई अफवाएं भी फैल रही हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अफवाहों पर ध्यान न देकर विभाग की एडवाइजरी का पालन करने का आग्रह किया है। वीरवार को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में सिंगापुर से लौटे व्यक्ति की जांच की गई। वहीं, लंदन से लौटा व्यक्ति भी बिल्कुल तंदुरुस्त पाया गया। बीएमओ बड़सर डॉ. नरेश का कहना है कि इनमें से एक पंजाब में किसी काम से निकला है, जिसकी सूचना मंत्रालय को दे दी गई है, ताकि वहां भी वह अंडर आब्जर्वेशन रह सके। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में ट्रेवल हिस्ट्री के चलते आए लोगों की जांच नोडल ऑफिसर डॉ. सुभाष ने की है। किसी में कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। जिला में 45 में से दस लोगों को 28 दिन का पीरियड पूरा होने पर आब्जर्वेेशन से हटा लिया गया है। लोग विभाग की एडवाइजरी की पालना करें।
---