हमीरपुर। आईटीआई हमीरपुर में कढ़ाई ट्रेड के लिए अभ्यर्थियों का रुझान काफी कम है। दो राउंड की काउंसलिंग के बाद भी इस ट्रेड में मात्र चार ही सीटें भरी गई हैं। इस ट्रेड में 16 सोलह सीटें खाली चली हैं।
इसके अलावा अन्य तीन ट्रेडों में अभ्यर्थियों का रुझान बेहतर है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हमीरपुर में सत्र 2025-2026 के लिए विभिन्न व्यवसायों के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। संस्थान में सिलाई प्रौद्योगिकी, कॉस्मेटोलॉजी, फैशन डिजाइन एवं प्रौद्योगिकी और सरफेस ऑर्नमेंटेशन टेक्नीक (कढ़ाई) ट्रेड में कुल 148 सीटें भरी जाएंगी।
दो राउंड की काउंसलिंग के बाद सिलाई प्रौद्योगिकी में 40 में से 39 सीटें भर चुकी हैं। कॉस्मेटोलॉजी में 48 में से 43, फैशन डिजाइन एवं प्रौद्योगिकी में 40 सीटों में 36 सीटें भर गई हैं। कढ़ाई ट्रेड में 20 में से चार सीटें भरी गई हैं। सभी ट्रेडों में एक-एक सीट अनाथ बच्चों के लिए भी रखी है, लेकिन अभी तक यह भी नहीं भरी है।
इस संबंधी आईटीआई हमीरपुर के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने बताया कि हमीरपुर आईटीआई में चार ट्रेडों में सीटें भरी जा रही हैं। जिन ट्रेडों में सीटें खाली हैं, उन्हें भरने के लिए संस्थान स्तर पर दाखिले करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सीटें भर ली जाएंगी। अनाथ बच्चों के लिए भी एक-एक सीट आरक्षित रखी है।