हमीरपुर। जिले की चार पुलिस चौकियों को पुलिस विभाग ने पुलिस रिपोर्टिंग चौकियों के रूप में नामित किया है। इन चारों चौकियों में अब एफआईआर दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध होगी। अब शिकायतकर्ता के शिकायतपत्र पर तुरंत एफआईआर दर्ज करके उसकी प्रतिलिपि व अन्य विवरण रिपोर्टिंग पुलिस चौकी में ही सुगमता से उपलब्ध होंगे। इस सुविधा से अब संबंधित क्षेत्रों के शिकायतकर्ताओं को जरूरी सूचना व दस्तावेजों के लिए बार-बार पुलिस थाने में नहीं जाना पड़ेगा।
पुलिस चौकी जाहू के लिए प्रभारी उप निरीक्षक राजीव कुमार, पुलिस चौकी टौणीदेवी में प्रभारी सहायक उप निरीक्षक ज्ञान चंद, पुलिस चौकी अवाहदेवी के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार, पुलिस चौकी दियोटसिद्ध में प्रभारी सहायक उप निरीक्षक बोध राज को रिपोर्टिंग चौकियों के रूप में नामित किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने कहा कि चारों पुलिस चौकियों में एफआईआर दर्ज कराने की सुविधा दी गई है। यहीं से ही अब लोग एफआईआर कॉपी भी ले सकते हैं। पहले इन सब के लिए लोगों को संबंधित पुलिस थानों में आना पड़ता था।