हमीरपुर। जिलेभर के 470 प्राथमिक और 114 माध्यमिक स्कूलों में दाखिल विद्यार्थियों को आधे से ज्यादा सत्र बीत जाने पर भी वर्दी खरीदने के लिए पैसे नहीं मिले हैं। वर्दी के लिए पैसे न मिलने से विद्यार्थी पुरानी वर्दी में स्कूल आने को मजबूर हैं। अभिभावकों राकेश कुमार, सुरेंद्र, संजय, विमला, रजनी, अशोक ठाकुर, प्रीतम, लता और अनीता आदि ने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष सामान्य वर्ग के छात्रों को छोड़कर पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को वर्दी खरीदने के लिए 600 रुपये की राशि प्रदान की जाती है लेकिन अभी तक विद्यार्थियों को वर्दी खरीदने के लिए पैसे नहीं मिले हैं।
इससे उन्हें वर्दी खरीदने में परेशानी हो रही है। सत्र 2022-23 में भी विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षाओं के दौरान वर्दी खरीदने के लिए पैसे मिले थे। प्रत्येक वर्ष शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को वर्दी की राशि देने में लापरवाही बरती जाती है। इसका खामियाजा स्कूलों में दाखिल विद्यार्थियों को भुगतना पड़ता है। वे इससे पहले भी खंड स्तर पर वर्दी के लिए बजट राशि उपलब्ध कराने की मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक बच्चों को वर्दी खरीदने के लिए राशि नहीं मिल पाई है। उन्होंने शिक्षा विभाग से बजट राशि जारी करने की मांग की है। इस बारे में प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि कुछेक विद्यार्थियों के बैंक खातों में त्रुटियों के चलते उन्हें पुन: सही कराने के निर्देश दिए हैं। शीघ्र ही विद्यार्थियों को वर्दी की राशि भेज दी जाएगी।