हमीरपुर। पंचायती राज विभाग के प्रशिक्षण केंद्र सलासी में पंचायत प्रधानों और पंचायत समिति सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला शनिवार को संपन्न हुई। कार्यशाला में जिला पंचायत अधिकारी पुष्पा सुमन ने ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करने और 16वें वित्त आयोग से मिलने वाली राशि के सदुपयोग को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पंचायतों को मिलने वाली राशि का इस्तेमाल स्वच्छता, पेयजल, कचरा प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर किया जाना चाहिए। पंचायतें अपनी आय बढ़ाने के प्रयास करें और खर्च का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखें।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाएं गांव की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जानी चाहिए। इसके लिए ग्राम सभा की बैठकों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है।
पुष्पा सुमन ने पंचायत प्रतिनिधियों को स्वच्छ एवं हरित गांव, जल पर्याप्त गांव और गरीबी मुक्त गांव जैसे लक्ष्यों को ध्यान में रखकर काम करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सरकारी योजनाओं के साथ तालमेल बनाकर विकास कार्य करवाने की सलाह दी।
कार्यशाला में स्वीकृत योजनाओं को समय पर ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज करने और विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। अंत में पंचायत प्रतिनिधियों ने विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का संकल्प लिया। संवाद