वन परिक्षेत्र कार्यालय बिझड़ी का भवन। संवाद
बिझड़ी (हमीरपुर)। वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय बिझड़ी को आज तक अपना नया भवन नहीं मिल पाया है। पिछले 40 वर्षों से टीन की छत वाले भवन में कार्यालय चल रहा है। बरसात के दिनों में छत भी टपकने लगती हैष। इससे कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी की मानें तो उच्चाधिकारियों और विभाग को कई बार इस स्थिति से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। वन परिक्षेत्र अधिकारी बिझड़ी के अंतर्गत बड़सर उपमंडल की बिझड़ी, चकमोह, रैली, बाड़ा, पैरवीं, चलसाई, डूगाड़, खनसरा सहित 11 बीटें आती हैं। मगर वन विभाग का मुख्य कार्यालय बदहाल है। भवन की छत की टीन जगह-जगह से जंग के कारण खराब हो चुकी है। टीन के नीचे डाली गई लकड़ी भी सड़ गई है।
उधर, वन परिक्षेत्र कार्यालय के बाहर फायर वाचर टॉवर पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा है। इसकी भी आज तक मरम्मत नहीं हो सकी है। वन परिक्षेत्र कार्यालय बिझड़ी में दूर-दराज के जंगलों में लगी आग का पता लगाने के लिए लगाया गया फायर वाचर टॉवर भी दो वर्षों से शोपीस बना हुआ है। मगर विभाग ने इसकी मरम्मत करवाने की जहमत नहीं उठाई।
उधर, वन परिक्षेत्र अधिकारी बिझड़ी अमर सिंह ने कहा कि समस्याओं को लेकर समय-समय पर उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। जैसे ही विभाग की तरफ से कोई निर्देश या बजट का प्रावधान किया जाता है, उसके अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।