20 दिन में 12 आग की घटनाओं में वन विभाग को लाखों रुपये का हुआ नुकसान
हमीरपुर में इस सीजन में अब तक 50 हेक्टेयर भूमि पर लगी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। गर्मियों के इस सीजन में एक अप्रैल से 20 मई तक जिले के तीन सर्किलों में आग की 12 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिससे करीब 50 हेक्टेयर वन भूमि पर वन संपदा जलकर राख हो गई है। आग लगने से वन विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
बुधवार को जिले में दो अलग-अलग बीटों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। पहले मामले में केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर के समीप नडियाणा-सडियाणा क्षेत्र के जंगल में अचानक आग भड़क उठी, जिस पर दमकल विभाग और स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया।
इस घटना में लगभग एक लाख रुपये की वन संपदा नष्ट हो गई। दूसरे मामले में बड़सर उपमंडल के धार कांगड़ क्षेत्र में आग लगने से भारी नुकसान हुआ। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण दमकल वाहन मौके तक नहीं पहुंच सका, जिसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने फायर लाइन बनाकर आग पर देर शाम तक काबू पाया।
वहीं, वन विभाग के अनुसार इन बीटों में पहले भी कई बार आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लगातार वन संपदा को नुकसान हो रहा है।
कोट
एक अप्रैल से 20 मई तक जिले के तीन सर्किलों में आग की 12 आग की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसमें 50 हेक्टेयर भूमि पर नुकसान हुआ है।
-अंकित सिंह, डीएफओ, वन विभाग हमीरपुर