वन संपदा को लाखों रुपये का नुकसान, कई जगह घंटों मशक्कत के बाद पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले में रविवार को एक साथ पांच जगह जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। आग लगने से वन संपदा को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पहला मामला जिला मुख्यालय के साथ लगते विकास नगर का है, जहां पूर्वाह्न 11:50 बजे के करीब जंगल में आग भड़क गई। आग से लगभग 5 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है, जबकि करीब 1 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया।
दूसरे मामले में दोपहर 12:30 बजे मझोग सुल्तानी के समीप जंगल रोपा में ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग से आग लग गई। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसमें लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
तीसरी घटना दोपहर 3:15 बजे खास ग्रां के जंगल में हुई, जहां आग इतनी फैल गई कि बुझाने के लिए दमकल विभाग की दो गाड़ियों को लगाया गया। शाम 5 बजे आग पर काबू पाया गया, जिसमें लगभग 10 लाख रुपये की वन संपदा का नुकसान हो गया।
चौथा मामला उपमंडल सुजानपुर के तहत चमियाणा के पास चबूतरा जंगल का है, जहां चौथे दिन फिर से आग भड़क उठी। इस आग में भी वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा फायर चौकी बिझड़ी के तहत जौड़े अंब पंचायत में शाम 4 बजे के करीब निजी भूमि पर आग लग गई, जो हवा के साथ फैलकर जंगल तक पहुंच गई। दमकल विभाग और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।
जौड़े अंब पंचायत में आग बुझाते दमकल विभाग के कर्मी। संवाद- फोटो : बोधि वृक्ष की पूजा करने जाते बौद्ध अनुयायी।