दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन की मासिक बैठक में मौजूद संगठन। स्रोत : संगठन
दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन की मासिक बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन की मासिक बैठक हमीरपुर में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया ने की। बैठक की कार्यवाही का संचालन महासचिव मनोहर लाल कानूनगो ने किया। इस दौरान पिछली बैठक में पारित हुए मामलों की समीक्षा की गई। महासचिव मनोहर लाल ने बताया कि ऑटो चालक यात्रियों से अधिक किराया ले रहे थे। आरटीओ अंकुश शर्मा ने ऑटो चालकों को कार्यालय में बुलाकर किराये की जानकारी दी है और किराये से संबंधित सूची ऑटो में चिपकाना अनिवार्य किया गया है। आरटीओ अंकुश शर्मा ने ऑटो चालकों को भी निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित किराया उपभोक्ताओं से लें।
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक से आग्रह किया जाएगा कि शहर में मुद्रिका बस और पुराने आरटीओ कार्यालय से हथली खड्ड तक फुटपाथ का निर्माण शीघ्र किया जाए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज हमीरपुर से भी आग्रह किया है कि 75 वर्ष से अधिक आयु के रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इसके अतिरिक्त प्रयोगशाला में पुरुषों, स्त्रियों के अलावा वरिष्ठ नागरिकों की अलग-अलग पंक्तियां लगाने की व्यवस्था की जाए। इससे टेस्ट करने वाले कर्मचारी रिपोर्ट को समय पर रोगियों को उपलब्ध करवा पाएंगे। कुछ सदस्यों ने बताया कि उपायुक्त आवास के नीचे कुछ लोग कूड़ा फेंक रहे हैं। नगर निगम को इस बारे संज्ञान लेना चाहिए।
बॉक्स
शहर में रात को बढ़ाई जाए पुलिस की गश्त
संगठन के सदस्यों ने बताया कि शहर में दिन प्रतिदिन चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। चोर आम जनमानस को निशाना बना रहे हैं। पुलिस को शहर में गश्त बढ़ानी चाहिए। भोटा चौक पर निजी बसें काफी लंबे समय तक खड़ी रहती हैं। इस कारण लंबे रूट की सरकारी बसें पास लेकर बिना सवारियां उठाएं निकल जाती हैं। इस अवसर पर एसके कौड़ा, विपिन शर्मा, हेमराज शर्मा, शंभुराम जसवाल, ओपी नंदा, अशोक सोनी, अनिरुद्ध डोगरा आदि मौजूद रहें।