लींडी खड्ड में फुट ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू। -स्रोत : जागरूक पाठक
- फोटो : संवाद
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की गरसाहड़ पंचायत के साही गांव के ग्रामीणों को अब बरसात में लींडी खड्ड पार करने में परेशानी नहीं होगी। खड्ड पर 70 फीट लंबा और पांच फुट चौड़ा फुट ब्रिज बनाया जाएगा। इस पर करीब 4.21 लाख रुपये खर्च होंगे। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने राशि स्वीकृत होते ही इसका निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है।
वर्ष 2023 और 2024 में बाढ़ के चलते पंचायत की ओर से बनाई गई अस्थायी पुलिया टूट गई थी। इससे स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को बरसात में खड्ड पार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। खेतों में पहुंचना और बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो गया था। ग्रामीणों की मांग पर पंचायत प्रतिनिधियों ने पुल के निर्माण का प्रस्ताव भोरंज के विधायक सुरेश कुमार को सौंपा था।
विधायक ने तुरंत इस पर कार्रवाई करते हुए 4 लाख 21 हजार रुपये की राशि स्वीकृत करवाई। गरसाहड़ पंचायत की प्रधान रेखा कुमारी, उपप्रधान विकास शर्मा व ग्रामीणों कुलदीप चंद, सचिन शर्मा, मौजी राम, आशीष, कश्मीरा देवी, चमन लाल आदि ने विधायक का आभार प्रकट किया है। विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुल निर्माण की मंजूरी दी गई है और आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास जारी रहेंगे।