डुग्घा के नजदीक जल शक्ति विभाग की ओर से बनाया गया सीवरेज का वेटवेल। स्रोत : जागरूक पाठक
हमीरपुर। उपमंडल हमीरपुर के डुग्घा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग द्वारा दिसंबर 2024 में बनाया गया सीवरेज वेटवेल लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। यह वेटवेल अब ओवरफ्लो होकर गंदगी फैला रहा है, जिससे आसपास की आबादी को बदबू और बीमारियों के खतरे से जूझना पड़ रहा है।
सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यह गंदा पानी लाहलड़ी गांव में चल रही जायका पेयजल योजना और अन्य स्कीमों को भी प्रभावित कर रहा है। वेटवेल सीवरेज सिस्टम का एक हिस्सा होता है, जिसमें गंदा पानी (सीवरेज) एकत्र किया जाता है। इसके बाद पंपों की मदद से इस पानी को ट्रीटमेंट प्लांट या अन्य स्थानों पर भेजा जाता है। यदि इसकी नियमित सफाई न हो, तो यह ओवरफ्लो होकर गंदगी फैलाने लगता है।
लाहलड़ी गांव के सुमन, किशोर सिंह और मीनू सहित कई लोगों ने बताया कि खुले में बहती गंदगी से पूरा वातावरण दूषित हो गया है। बदबू के कारण घर में रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि विभाग से कई बार आग्रह किया गया है, यहां तक कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
मामला विभाग के ध्यान में है। हाल ही में सफाई भी करवाई गई है और एक कर्मचारी की ड्यूटी भी लगाई गई है। जल्द ही स्थायी समाधान किया जाएगा। -राकेश सोनी, एसडीओ, जल शक्ति विभाग हमीरपुर
डुग्घा के नजदीक जल शक्ति विभाग की ओर से बनाया गया सीवरेज का वेटवेल। स्रोत : जागरूक पाठक