सुजानपुर बाजार में निरीक्षण करती खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम। संवाद
सुजानपुर(हमीरपुर)। त्योहारी सीजन के बीच खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने बुधवार को सुजानपुर बाजार में औचक निरीक्षण किया। जिला नियंत्रक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मामले आंचल कुमारी की अगुवाई में टीम ने नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों और संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
मुख्य बाजार में रेट लिस्ट नहीं लगाने वाली दो सब्जी दुकानों से करीब डेढ़ क्विंटल सब्जी सीज की गई। वहीं, तीन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल पाए जाने पर तीन घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।
टीम ने दुकानदारों को निर्धारित दरों पर ही सामान बेचने और ग्राहकों को कीमत की स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश दिए। इसके बाद होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने सब्जी और फल विक्रेताओं सहित होटल और ढाबा संचालकों को दुकानों के बाहर अद्यतन रेट लिस्ट लगाने, साफ-सफाई बनाए रखने और व्यावसायिक कार्यों के लिए केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने की हिदायत दी।
इस मौके पर रंजीत सिंह, अनीश ठाकुर और सुजानपुर के खाद्य आपूर्ति निरीक्षक लवनीत डोगरा मौजूद रहे।