हमीरपुर। जिले में पांच हजार लाभर्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी नहीं हो सकी है। ईकेवाइसी के कारण यह पेंशन तीन माह बाद भी लाभर्थियों को जारी नहीं हो सकी है। जिला कल्याण समिति की बैठक वीरवार को हमीर भवन में हुई।
बैठक की अध्यक्षता विधायक सुरेश कुमार ने की। इस बैठक में यह विषय प्रमुखता से उठा है। मामले में विधायक सुरेश कुमार ने ईकेवाईसी के इस कार्य को जल्द पूरा करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा सभी योजनाओं का आम जनता के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए। पिछले वित्त वर्ष के दौरान जिला में विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य योजनाओं के माध्यम से कुल 96.06 करोड़ रुपये खर्च किए गए तथा चालू वित्त वर्ष की तीन तिमाही में 68.62 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
जिले में लगभग 52,322 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। इसी वित्त वर्ष में पेंशन के 1795 नए मामले, अंतरजातीय विवाह पुरस्कार योजना के तहत 62 दंपत्तियों को 30.75 लाख रुपये, दिव्यांग विवाह अनुदान योजना के तहत सात दंपत्तियों को दो लाख रुपये और 70 दिव्यांग विद्यार्थियों को 6.39 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी जा चुकी है।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने समिति के अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की अनुपालना की जाएगी। समिति के सचिव एवं जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने सभी योजनाओं का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। इस मौके पर अधिकारी व समिति सदस्य भी मौजूद रहे।
पेंशन के लिए भटक रहा दिव्यांग दंपती
दंपती नीलम कुमारी और किशोरी लाल ने कहा कि वह ईकेवाइसी के लिए जिला कार्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र में कई बार चक्कर काट चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वह दिव्यांग हैं और पूरी तरह से पेंशन पर आश्रित है। उन्हें जीवन निर्वाह में दिक्कत पेश आ रही है। विभाग से ईकेवाईसी को पूरा करवाने की मांग की है।
पांच हजार लाभर्थियों की ईकेवाइसी पूरी नहीं हुई है। 47 हजार लाभर्थियों को पेंशन जारी कर दी गई है। लाभार्थी जल्द ईकेवाइसी करवा लें, ताकि जल्द पेंशन जारी की जा सके।
-चमन लाल शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी, हमीरपुर