भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत खतरवाड़ गांव में जुआ खेलते पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा है। इनसे 26,590 रुपये नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस ने पांचों के खिलाफ मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जुआ खेलते पकड़े गए पांचों में से कुछ चालक तो कुछ दुकानदार हैं। पुलिस को क्षेत्र से सूचना थी कि यहां जुआ खेला जा रहा है। इसके बाद पुलिस दल ने औचक दबिश देकर इन पांचों को मौके पर दबोचा है।
खतरवाड़ गांव में शनिवार शाम को सुनील कुमार, विपन कुमार, संजीव कुमार, कुलवंत और सर्वजीत जुआ खेल रहे थे। इस दौरान मौके पर नोट बिखरे थे। पुलिस की टीम ने अचानक दबिश दी तो पांचों घबरा गए। इतने में पुलिस ने इन पांचों को पकड़ लिया। मौके पर पुलिस टीम ने पांचों के पास 26590 रुपये भी बरामद किए हैं। थाना प्रभारी भोरंज कुलवंत सिंह का कहना है कि खतरवाड़ में शनिवार शाम जुआ खेलते पांच लोगों को धरा है। मौके पर इनसे 26590 रुपये नगदी भी बरामद की है। पुलिस ने धारा 4 गैंबलिंग एक्ट के तहत तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।