हमीरपुर। जिला मुख्यालय से मात्र दो किलोमीटर दूर अणु में सोमवार सुबह 10:30 बजे राजकीय महाविद्यालय के पास बिजली बोर्ड के एक ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाके के साथ भीषण आग लग गई। तेजी से फैलते हुए आग ने बिजली बोर्ड के कार्यालय, वर्कशॉप और करीब 80 ट्रांसफार्मरों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में कार्यालय समेत सभी दस्तावेज, रिकॉर्ड, कंप्यूटर और अन्य सामान भी जलकर खाक हो गया।
आग लगते ही तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया, लेकिन आग की भयावहता के कारण विभाग को तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली। इस दौरान, जिला मुख्यालय से लगातार अग्निशमन विभाग की गाड़ियां और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचती रहीं। आग का धुआं इतना घना था कि यह हमीरपुर शहर तक दिखाई दे रहा था। डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह भी घटना का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। डीएसपी हेडक्वार्टर नितिन चौहान भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने एक से डेढ़ घंटे तक यहां पर यातायात को कड़ी मशक्कत से नियंत्रित किया।
स्थानीय लोग और कॉलेज के विद्यार्थी भी आग बुझाने के प्रयास में जुटे रहे, लेकिन आग की तीव्रता से हर कोई स्तब्ध था। उधर, धमाके के बाद पुलिस विभाग तथा यातायात पुलिस ने अणु सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। डेढ़ घंटे तक यहां एक लेन से वाहनों को निकाला गया। जिससे काफी देर तक दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगी रहीं। वहीं, घटना स्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि विद्युत विभाग का मीटर रिपेयर और ट्रांसफॉर्मर रिपेयर स्टोर पूरी तरह से जलकर राख हो गया है।
उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता राजन ने बताया कि सुबह 10:20 बजे जब सभी कर्मचारी कार्यालय में काम कर रहे थे, तभी ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आग भड़क उठी। सभी कर्मचारी तुरंत जान बचाकर वहां से भागे। हालांकि, आग ने बिजली ट्रांसफार्मरों, कार्यालय, वर्कशॉप और अन्य सभी उपकरणों को नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि एक करोड़ के करीब संपत्ति जलकर राख हो गई है।
डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह ने कहा कि तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि वह खुद मौके पर गए थे और नुकसान का जायजा लिया गया है
अणु में बिजली टांसफार्मर व कार्यालय में लगी आग। संवाद
अणु में बिजली टांसफार्मर व कार्यालय में लगी आग। संवाद
अणु में बिजली टांसफार्मर व कार्यालय में लगी आग। संवाद
अणु में बिजली टांसफार्मर व कार्यालय में लगी आग। संवाद