हमीरपुर। कोविड-19 को लेकर हमीरपुर जिले के उपमंडल भोरंज के रेड जोन में घोषित होने और कर्फ्यू में ढील बंद की झूठी अफवाह फैलाने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। अफवाह फैलाने के आरोप में पुलिस में दर्ज यह दूसरा मामला है। इस मामले की शिकायत खुद एसडीएम भोरंज डॉ. अमित शर्मा ने पुलिस में दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम और सरकारी आदेशों की अवहेलना के आरोप में भादंसं की धारा 188 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
जिला प्रशासन और पुलिस आए दिन लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने और झूठी अफवाह फैलाने के आरोप में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दे रही है। इसके बावजूद एक व्यक्ति ने अपने फेसबुक अकाउंट पर उपमंडल भोरंज के कोविड-19 महामारी के बीच उपमंडल के रेड जोन घोषित होने और कर्फ्यू में ढील बंद की अफवाह फैलाते हुए पोस्ट अपलोड कर दी। इस पोस्ट के बाद एसडीएम और पुलिस थानों के टेलीफोन की घंटियां बजनी शुरू हो गईं। खबर की पुष्टि के लिए इधर-उधर फोन पर संपर्क करने लग पड़े। बाद में एसडीएम भोरंज को जैसे ही इसकी खबर मिली उन्होंने फेसबुक पर अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। उधर, एसएचओ भोरंज कुलवंत सिंह ने कहा कि एसडीएम की शिकायत पर फेसबुक पर अफवाह फैलाने वाले फेसबुक यूजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जीप के टायर चुराने के आरोप में दो गिरफ्तार
हमीरपुर। भोरंज पुलिस ने टायर चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही चोरी के टायर और नट-बोल्ट भी बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपी युवकों को सोमवार को हमीरपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। उपमंडल भोरंज के गांव बजडोह निवासी राम चंद ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उन्होंने शोरूम से नई पिकअप खरीदी है। 15 मई को उन्होंने अपनी पिकअप को घर के बाहर खड़ा किया था। लेकिन, अगली सुबह गाड़ी के दो नए टायर चोरी थे। पुलिस ने शिकायत के बाद मामले की तफ्तीश शुरू की। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर झमियाट गांव के रहने वाले राकेश कुमार उर्फ गोलू (29 वर्षीय) और अंकुश उर्फ टोडा गांव जिजवीं (21 वर्षीय) की पहचान हुई। दोनों गाड़ी चलाते हैं और सब्जी की सप्लाई करते हैं। जिस पिकअप गाड़ी में चोरी करने आए थे पुलिस ने उस गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है। एसएचओ भोरंज कुलवंत सिंह ने कहा कि गाड़ी के टायर चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उनकी गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।
बाक्स:
जमीन विवाद के चलते मारपीट के आरोप में चार नामजद
हमीरपुर। जमीन विवाद के चलते दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने रास्ता रोकने और मारपीट के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसएचओ कुलवंत सिंह ने कहा कि गांव भुक्कड़ निवासी भरत लाल ने शिकायत दी है कि गांव के विपिन, मोहिंद्र, सुरजीत और फत्तो देवी ने उसका रास्ता रोक मारपीट की है। पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।