हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के 15 वार्डों की मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशित करके इन्हें आम जनता के निरीक्षण के लिए एसडीएम कार्यालय हमीरपुर, नगर निगम कार्यालय और तहसीलदार कार्यालय हमीरपुर में 17 अक्तूबर तक उपलब्ध करवा दिया गया है।
मतदाता पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम संजीत सिंह ने बताया कि अगर कोई पात्र व्यक्ति इन सूचियों में अपना नाम शामिल करने का दावा या किसी अन्य के नाम इसमें शामिल होने पर अपनी आपत्ति दर्ज करवाना चाहता है तो वह 17 अक्तूबर तक दावे या आपत्तियां तहसीलदार हमीरपुर के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है।
दावे या आपत्तियों के लिए निर्धारित प्रपत्र नगर निगम के कार्यालय या संबंधित बीएलओ से प्राप्त किए जा सकते हैं। एसडीएम ने बताया कि पुनरीक्षण अधिकारी इन दावों एवं आपेक्षों की प्राप्ति से 10 दिनों के भीतर निपटारा सुनिश्चित करेंगे।
उधर, ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों के प्रारूप भी प्रकाशित कर दिए हैं। मतदाता सूचियों के प्रारूप मतदाताओं के लिए 17 अक्तूबर तक पंचायतों, पंचायत समितियों, जिला परिषद व जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत के कार्यालय में उपलब्ध होंगे। मतदाता आपत्ति या दावे दर्ज करवा सकते हैं। संवाद