डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सदर के तहत पड़ते दयोट गांव निवासी पांचवीं कक्षा के छात्र की स्कूल में छुट्टी होने के बाद घर जाते समय संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बुधवार को छात्र स्कूल में छुट्टी होने के बाद घर लौट रहा था कि अचानक उसे चक्कर आया और वह स्कूल बस के कुछ मीटर पीछे ही गिर गया। लोगों के सहयोग से उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लाया गया, लेकिन बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, पुलिस ने भी मौके पर पहुुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार दोपहर को राहजोल के निजी स्कूल में छुट्टी होने के बाद अब्बू (10) पुत्र संजय कुमार अपने घर जाने के लिए स्कूल बस की ओर जा रहा था कि अचानक उसे चक्कर आया और वह नीचे गिर गया। लोगों के सहयोग से उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पिता दुकान करते हैं और टैक्सी भी चलाते हैं। परिजनों पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका रो-रो कर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। थाना प्रभारी सदर संजीव गौतम का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।