पहले 28 फरवरी को प्रस्तावित थी तिथि, अब बैठक के बाद होगा निर्णय
डेढ़ वर्ष से स्कूल के खेल मैदान के गेट पर लटका हुआ है ताला, खिलाड़ी और लोग परेशान
कोरियन घास लगाने और फुटपाथ के निर्माण कार्य पर 75 लाख रुपये हुए हैं खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डेढ़ वर्ष से बंद बाल स्कूल हमीरपुर का खेल मैदान तैयार हो गया है, लेकिन लोगों के लिए खोलने का दिन तय करना तो दूर संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारी इस निर्णय के लिए बैठक की तिथि तक तय नहीं कर पा रहे हैं।
यही वजह है कि मैदान को खोलने को लेकर तारीख पर तारीख का दिलासा स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों को मिल रहा है। ऐसे में सुबह-शाम मैदान में सैर के लिए पहुंचने वाले शहरियों का इंतजार लगातार बढ़ रहा है। दरअसल यह मैदान बाल स्कूल हमीरपुर के नियंत्रण में है।
अब लोक निर्माण विभाग की ओर से इस मैदान का सौंदर्यीकरण कर यहां पर कोरियन घास लगाई गई है। ऐसे में प्रशासन के निर्देशों पर ही मैदान को आम लोगों के खोला जाएगा। पहले मैदान को फरवरी माह की शुरुआत में और उसके बाद माह के अंत में खोलने पर चर्चा हुई। बारिश होने के चलते अब मार्च शुरू हो गया है।
अब बैठक के बाद ही मैदान में लोगों की आवाजाही और खेलकूद गतिविधियों को सुचारु करने पर निर्णय होगा। बैठक में विशेष रूप से समय सीमा को निर्धारित होगी। इसमें मैदान खोलने और बंद करने का समय तय होगा, ताकि मैदान में लगी घास को किसी भी प्रकार का नुकसान न हो।
पूर्व में लोक निर्माण विभाग की ओर से मैदान को खोलने के लिए 28 फरवरी का समय तय किया गया था लेकिन खराब मौसम बारिश के चलते खेल मैदान को नहीं खोला गया। अब जिला प्रशासन और संबंधित स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक के उपरांत ही मैदान को खोलने की तिथि और समय सीमा निर्धारित होगी। जिसके उपरांत खिलाडिय़ों और लोगों को राहत मिलेगी।
खिलाड़ी और शहरी बोले, मिल रही तारीख पर तारीख
खिलाड़ियों साहिल चंदेल, अर्पित जमवाल, पंकज, सुमित, श्रेणिक, आंचल, अदिति, आशीष, हर्षिता आदि ने कहा कि डेढ़ वर्ष से खेल मैदान का कार्य चला हुआ है। पूर्व में मैदान की खोदाई, बाद में फुटपाथ और घास लगाने के लिए मैदान को बंद रखा गया। अब मैदान का कार्य पूरा हुए दो माह से भी अधिक समय हो चुका है, लेकिन विभाग की ओर मैदान को खोलने में लगातार तिथियां आगे बढ़ाई जा रही है। जिससे उन्हें काफी परेशान होना पड़ रहा है।
कोट्स
मैदान को खोलने का निर्णय स्कूल प्रबंधन और जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा। मैदान का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। गेट की चाबी स्कूल प्रबंधन को सौंप दी गई है। निर्माण कार्य पर 75 लाख रुपये की राशि खर्र्च की गई है।
-संजय कटोच, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग हमीरपुर
जिला प्रशासन के साथ बैठक के बाद मैदान को खोलने की समय सीमा निर्धारित होगी, ताकि मैदान में लगी घास को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। मैदान में खेलकूद गतिविधियां ही आयोजित होगी। सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए पाबंदी रहेगी।
मुस्ताक मोहम्मद, प्रधानाचार्य, बाल स्कूल हमीरपुर