बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में बैरियर नंबर एक के पास बेहोश हुई महिला श्रद्धालु। संवाद
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध से शाहतलाई तक श्रद्धालुओं के लिए राहत व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है। रविवार को होशियारपुर से आई एक महिला श्रद्धालु बैरियर नंबर-1 के पास बेहोश हो गई, जिसे आसपास के लोगों ने पानी पिलाकर होश में लाया।
सप्ताहांत में मंदिर में भारी भीड़ उमड़ रही है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं और अधिकतर शाहतलाई से दियोटसिद्ध तक पैदल यात्रा करते हैं।
करीब तीन किलोमीटर की इस यात्रा में तेज धूप, उमस और चढ़ाई के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो रही है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
बैरियर नंबर-1 से मंदिर की सीढ़ियों तक का मार्ग सबसे चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों ने मांग की है कि इस मार्ग पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती, छायादार शेड और ठंडे पानी की व्यवस्था बढ़ाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
वहीं, मंदिर अधिकारी सुभाष मल्होत्रा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जल्द ही न्यास स्तर पर बैठक कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।