कृषि विक्रय केंद्र हमीरपुर में बिक्री के लिए रखी टूल किट। संवाद
हमीरपुर। किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक औजारों की टूल किट अब 50 फीसदी सब्सिडी पर मिलेगी। आतमा परियोजना के तहत जिले के किसानों को यह सुविधा दी जा रही है।
करीब 5350 रुपये मूल्य वाली टूल किट किसानों को लगभग 2675 रुपये में उपलब्ध होगी। जिले के लिए करीब 540 टूल किट पहुंच चुकी हैं, जिन्हें आतमा परियोजना की ओर से सभी ब्लॉकों को भेज दिया गया है।
किसान अपने ब्लॉक में कृषि विभाग के विक्रय केंद्रों से टूल किट प्राप्त कर सकेंगे। इसमें दराटी, दराट, प्रूनिंग आरा, प्रूनिंग स्केचर, खुरपा और खुरपी समेत करीब दस तरह के कृषि उपकरण शामिल हैं। इससे किसानों को कृषि और बागवानी कार्यों में उपयोग होने वाले जरूरी औजार रियायती दर पर मिल सकेंगे।
आतमा परियोजना हमीरपुर के निदेशक राकेश कुमार ने बताया कि किसानों को योजना के तहत टूल किट सब्सिडी पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने किसानों से टूल किट का लाभ उठाने का आग्रह किया।