फरनोल में खेतों का निरीक्षण करते कृषि विभाग की टीम। स्रोत : कृषि विभाग
हमीरपुर। जिले में मक्की की फसल पर फॉल आर्मी वर्म के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कृषि विभाग की टीम ने फरनोल पंचायत का दौरा कर प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को कीट की पहचान, इसके फैलाव और बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
कृषि विभाग की टीम ने किसानों से फसलों की नियमित निगरानी करने और शुरुआती अवस्था में ही कीट नियंत्रण के उपाय अपनाने की अपील की। किसानों को वैज्ञानिक सलाह के अनुसार अनुशंसित दवाइयों का ही प्रयोग करने और आवश्यकता पड़ने पर कृषि विभाग से संपर्क करने के लिए कहा गया।
जिले में 28 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में मक्की की खेती की गई है, जिसमें से करीब दस प्रतिशत फसल फॉल आर्मी वर्म के प्रकोप से प्रभावित हुई है। जिला कृषि अधिकारी राजेश राणा ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं। किसानों को समय पर तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है।